Jalandhar: RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या

पंजाब में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जालंधर के जाने-माने आरटीआई (RTI) एक्टिविस्ट और वकील सिमरनजीत सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

घात लगाकर बैठे थे हमलावर, देखते ही बरसाईं गोलियां

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात एलपीयू (LPU) जालंधर-लुधियाना हाईवे के पास चहेरू के नजदीक हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर पहले से ही घात लगाकर सिमरनजीत सिंह का इंतजार कर रहे थे। यह हमला पूरी तरह से उन्हें निशाना बनाकर किया गया था। जैसे ही सिमरनजीत सिंह वहां से गुजरे, हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वारदात वाली जगह से हथियार बरामद

जालंधर रेंज के डीआईजी (DIG) नवीन सिंगला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कपूरथला कंट्रोल रूम को हाईवे के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल से .32 बोर की पिस्तौल और 12 बोर की राइफल बरामद हुई है। पुलिस इन हथियारों को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।

हत्या की वजह साफ नहीं, हर एंगल से जांच जारी

सिमरनजीत सिंह की हत्या के पीछे की सटीक वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और सुराग जुटाने के लिए हाईवे और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस रंजिश सहित तमाम अलग-अलग एंगल्स से इस हत्याकांड की तफ्तीश कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Scroll to Top