जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा सफल उद्यमी होने के साथ साथ दिल जीतने का हुनर भी खूब जानते हैं। उन्होंने फिर एक बार अपना वादा निभाकर दिल खुश कर दिया। कुछ दिन पहले आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर जुगाड़ से ‘जीप’ बानने वाले महाराष्ट्र के एक व्यक्ति की काबिलियत की खूब तारीफ की थी। इसके साथ ही आनंद महिंद्रा ने वादा किया था, कि वे उसे नई बोलेरो देंगे। अब उन्होंने अपने वादे को पूरा कर दिया है।
दरअसल, महिंद्रा ने जुगाड़ से बनी ‘जीप’ में सुरक्षा संबंधी खतरों को देखते हुए शख्स को उसके बदले नई गिफ्ट करने का ऐलान किया था। 25 दिसंबर को आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर दत्तात्रेय की कुछ तस्वीरें शेयर कीं और लिखा- ‘बेहद खुशी है कि उन्होंने अपनी गाड़ी के बदले नई बोलेरो लेने के हमारे प्रस्ताव को स्वीकार किया। कल उनके परिवार को नई बोलेरो मिली और बडे़ गर्व के साथ हमने उनकी क्रिएशन को संभाल लिया है। उनकी ये गाड़ी हमारी महिंद्रा रिसर्च वैली में सभी तरह की कारों के संग्रह का हिस्सा होगी और हमें संसाधन संपन्न होने की प्रेरणा देगी।
21 दिसंबर को आनंद महिंद्रा ने यह वीडियो शेयर किया था। उन्होंने कैप्शन में लिखा था, ‘यकीनन ये वाहन किसी नियम पर खरा नहीं उतरता। लेकिन मैं कभी भी अपने लोगों की सादगी और ‘कम से कम’ क्षमताओं के साथ कमाल करने की कला की प्रशंसा करना नहीं छोडूंगा। ये अपने सफर के प्रति उनका जुनून है। वैसे जीप की फ्रंट ग्रिल जानी पहचानी लग रही है ना।’
बच्चों की जिद में बनाई थी कार
एक यूट्यूब चैनल के मुताबिक, आनंद महिंद्रा शेयर किया गया क्लिप महाराष्ट्र के दत्तात्रेय लोहार का था। जिन्होंने अपने बच्चों की जिद पूरी करने के लिए जुगाड़ से महिंद्रा थार जैसी दिखने वाली एक चार पहिए की कार बनाई थी, जो किक से स्टार्ट होती है। बताया गया कि इसे बाइक के इंजन से बनाया है। जबकि टायर ऑटो रिक्शा के हैं।
ये पहला मौका नहीं है जब आनंद महिंद्रा ने लोगों का दिल जीता है। वे अक्सर लोगों के छोटे बड़े क्रिएशन की सरहाना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित करते हैं। साथ ही इनोवेटिव आइडियाज का स्वागत करते हैं। सोशल मीडिया पर आनंद महिंद्रा की दरियादिली के चर्चे रहते हैं।