जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: ब्रिटेन की अगली महाराणी कौन होंगी इस पर से पर्दा उठ चुका है। महारानी एलिजाबेथ ने शनिवार को ऐलान किया है कि अब प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन की राजगद्दी संभालेंगे। प्रिंस ऑफ वेल्स चार्ल्स की ताजपोशी के साथ ही उनकी दूसरी पत्नी कैमिला को महारानी का दर्जा मिल जाएगा। महाराणी बनने के बाद कैमिला को बेशकीमती कोहिनूर हीरे से जड़ा ताज पहनाया जाएगा।
यह ताज 70 सालों से ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ पहनती आई हैं। अब इसे डचेस ऑफ कॉर्नवाल यानी कैमिला को पहनाया जाएगा। प्लैटिनम और कोहिनूर हीरे से जड़ा यह ताज 1937 में किंग जॉर्ज की ताजपोशी के लिए बनाया गया था।
महारानी के पहले बेटे प्रिंस चार्ल्स की दूसरी पत्नी कैमिला डचेस ऑफ कॉर्नवाल हैं। प्रिंसेज डायना की मौत के बाद प्रिंस चार्ल्स ने कैमिला से शादी कर ली थी। प्रिंस चार्ल्स को महाराज बनाए जाने की अब तक पिछली योजना के मुताबिक, कैमिला का पद प्रिंसेज का ही रहने वाला था, लेकिन 5 साल पहले प्रिंस चार्ल्स ने अपनी ताजपोशी की शपथ में कैमिला को राजकुमारी नहीं बल्कि महारानी कहने के लिए क्वीन एलिजाबेथ से अनुमति मांगी थी।
कोहिनूर से जुड़ी कुछ बातें
जो कोहिनूर से जड़ा ताज ब्रिटेन की अगली महाराणी को पहनाया जाएगा। उस कोहिनूर को लेकर कुछ मिथक भी फैले हैं। कहा जाता है यह हीरा अपने साथ बुरा नसीब लेकर आता है। अगर कोई पुरुष इसे पहन ले तो उसका सब कुछ बर्बाद हो जाता है। हिंदुस्तान के महाराजा रणजीत सिंह ने इसे पहना तो उनका साम्राज्य नष्ट हो गया। जिस अंग्रेजी हुकूमत में कभी सूर्यास्त नहीं होता था, वहां यह हीरा पहुंचने के बाद ब्रिटिश साम्राज्य घटता चला गया।
इस हीरे का इतिहास भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान तक फैला है। पिछले कई सालों से कोहिनूर हीरे को लेकर विवाद है। भारत के अलावा पाकिस्तान भी इसपर अपना हक जता चुका है।