जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: भारत में इस साल के पहले चक्रवाती तूफान ने दस्तक दे दी है। चक्रवाती तूफान ‘असनी’ को लेकर अलर्ट जारी हो गया है। रविवार को ‘असनी’ ने अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ दस्तक दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में तूफान के तेज होने की आशंका जताई है।
इंडियन पायलट का कमाल: ब्रिटेन में तूफान के बीच करवाई फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग, देखें वीडियो
असनी की दस्तक के साथ ही प्रशासन ने व्यापक इंतजाम कर लिए। तटीय इलाकों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं, जहाजों को रोक दिया गया है। चेन्नई और विशाखापट्टनम के बीच शिपिंग सर्विस भी बंद कर दी गई है। इसके अलावा मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। विभाग ने मछुआरों को आगाह किया है कि वो 22 मार्च तक बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान निकोबार द्वीपों के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व इलाकों में न जाएं।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का जो क्षेत्र बना था, वह पूर्व और पूर्वोत्तर की ओर बढ़ गया है। सोमवार को चक्रवाती तूफान उग्र हो सकता है। बिगड़ते मौसम को देखते हुए भारतीय तटरक्षक दल ने मोर्चा संभाला है। एहतियात बरतते हुए राहत बचाव के इंतजाम भी हैं। अंडमान निकोबार प्रशासन ने यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03192-245555/232714 और टोल फ्री नंबर 1800-345-2714 भी जारी कर दिए हैं।