नई दिल्ली : दूरदर्शन की प्रसिद्ध एंकर नीलम शर्मा का आज निधन हो गया। DD न्यूज़ की एंकर के रूप में उन्होंने देश भर में प्रसिद्धि हासिल की थी। अपनी बेहतरीन संवाद अदायगी के कारण एक एंकर के तौर पर उन्हें खूब शोहरत हासिल हुई। उन्होंने दूरदर्शन के लिए ‘बड़ी चर्चा’ और ‘तेजस्विनी’ जैसे कार्यक्रमों के साथ कई मशहूर कार्यक्रमों का सञ्चालन किया था। उसे इसी साल नारी शक्ति सम्मान भी मिला था।
1995 में दूरदर्शन के साथ करियर की शुरुआत करने वाली नीलम शर्मा अपने अंतिम समय तक दूरदर्शन के साथ ही जुडी रही। उनका दूरदर्शन में 20 सालों से अधिक का सफर रहा, और इस दौरान उन्होंने देश भर में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनकी साड़ी और खुले बाल में एंकरिंग को लोगों ने खूब सराहा। नीलम शर्मा को इसी साल मार्च में ‘नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया था। नारी शक्ति पुरस्कार महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान को मान्यता देने वाला भारत का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है।
जानकारी के मुताबिक नीलम शर्मा कैंसर से पीड़ित थीं और नोएडा के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य बेहद खराब होने चलते उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। अंतिम दर्शन के लिए फिलहाल उनके पार्थिव शरीर को नोएडा स्थित उनके आवास पर रखा गया है। जानकारी के मुताबिक कुछ देर में निगमबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा।