नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र समेत देश के आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जिनमें ज्यादातर मामले इन्हीं आठ राज्यों से हैं। केरल में भी नए मामलों की संख्या ज्यादा है, लेकिन ट्रेंड गिरावट का बना हुआ है।
Corona Update : सीएम योगी आदित्यनाथ की कोरोना को लेकर नई गाइडलाइंस जारी
आठ राज्यों में बढ़े केस
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक आठ राज्यों महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में संक्रमण का ग्राफ ऊपर की तरफ जा रहा है। मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 111 दिनों बाद सामने आए सर्वाधिक 40,953 नए मामलों में से 80 फीसद ज्यादा केस इन्हीं राज्यों में मिले हैं। इससे पहले पिछले साल 29 नवंबर को 41,810 नए केस पाए गए थे। नए मामलों में से अकेले तीन राज्यों-महाराष्ट्र में 62 फीसद, केरल में 8.83 फीसद और पंजाब में 5.36 फीसद यानी कुल 76.22 फीसद नए मामले हैं।
फिर बढ़े मामले
मंत्रालय के मुताबिक कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 15 लाख 55 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ 11 लाख सात हजार से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,59,558 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है, जिनमें पिछले एक दिन में हुई 188 मौतें भी शामिल हैं। मरीजों के उबरने की दर घटकर 96.12 फीसद पर आ गई है और मृत्युदर 1.38 पर बनी हुई है। सक्रिय मामले 2,88,394 हो गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 2.49 फीसद है। मंत्रालय के मुताबिक पिछले तीन दिनों में ही एक लाख से अधिक संक्रमित पाए गए हैं। शनिवार को जहां 40,953 नए मामले मिले, वहीं शुक्रवार को 39,726 और गुरुवार को 35,871 नए मामले सामने आए थे।
31 मार्च तक लगा लॉकडाउन
नागपुर में 31 मार्च तक कुछ रियायतों के साथ लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। पहले 21 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। महाराष्ट्र की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा ऑफलाइन कराई जाएगी यानी छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र जाना होगा। मुंबई में बीएमसी ने रोजाना करीब 47 हजार लोगों की रैपिड एंटीजेन टेस्ट करेगी। पुणे के कोंधावा थाने में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआइ) के 37 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोरोना के दिशानिर्देशों का उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।