जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दस्तक देश की राजधानी दिल्ली में भी हो चुकी है। बैंगलोर, मुंबई और गुजरात के बाद दिल्ली में ओमिक्रॉन का पहला केस मिला है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि, संक्रमित तंजानिया से आया था। एयरपोर्ट पर जांच के बाद उसके ओमिक्रॉन संक्रमित होने की जानकारी मिली है। उसे दिल्ली के LNJP अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अब देश में ओमिक्रॉन के कुल 5 मरीज हो चुके हैं।
विदेश से लौटे 17 कोरोना पॉजिटिव
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया, अब तक 17 लोग जो विदेश से लौटे हैं पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी संक्रमितों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए LNJP अस्पताल को कोविड के लिए मुख्य अस्पताल घोषित किया हुआ है।
टेस्टिंग तेज, स्वास्थ्य महकमा सतर्क
साउथ अफ्रीका में पाया गया कोरोना का नया वैरिएंट 30 से ज्यादा देशों में फैल चुका है। भारत में भी इसके पांच मरीज सामने आए हैं। सबसे पहले कर्नाटक में ओमिक्रॉन संक्रमित पाया गया था। जो कि विदेश से लौटा था। वहीं, भारत में ओमिक्रॉन की एंट्री के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्यों का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। कई जगह वैक्सीन अनिवार्य कर दी गई। वहीं, यात्रियों के लिए सख्त गाइडलाइन लागू कर दी गई। RT-PCR टेस्ट बढ़ाए जा रहे हैं।