जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान कर दिया है। भगवंत मान ‘आप’ का सीएम चेहरा होंगे। ये घोषणा आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की। भगवंत मान को सीएम चेहरा घोषित करने पर कहा, पंजाब की जनता ने सीएम के तौर पर भगवंत मान का नाम चुना है।
आम आदमी पार्टी ने 17 जनवरी शाम 5 बजे तक पंजाब के लोगों से राय मांगी थी। AAP ने एक नंबर जारी करते हुए कहा था, पंजाब की जनता सीएम उम्मीदवार के लिए नाम खुद बताएं। सीएम उम्मीदवार के लिए नाम, मैसेज, वॉट्सएप और कॉल के जरिए दे सकते हैं। AAP का दावा है कि, 21 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय भेजी है। जिसके आधार पर भगवंत मान को पंजाब में सीएम फेस घोषित किया गया है।
‘भगवंत मेरे छोटे भाई’
भगवंत मान के नाम का ऐलान करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, अन्य पार्टियों में किसी के भाई, किसी की बहू या घर के किसी सदस्य को सीएम उम्मीदवार बनाते हैं। भगवंत मेरे छोटे भाई हैं। मैं सीधे खुद उनके नाम का ऐलान करता तो मेरे पर भाई-भतीजावाद के आरोप लगते। इसलिए यह फैसला पब्लिक वोटिंग के जरिए लिया गया है। पंजाब में 20 फरवरी को चुनाव होंगे, पहले 14 फरवरी को मतदान होने थे।