जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया है। इसी के साथ यूक्रेन में रूसी मिसाइल अटैक शुरू हो गए हैं। AFP न्यूज एजेंसी समेत कई अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों ने पुतिन की घोषणा के बाद, यूक्रेन की राजधानी कीव में धमाका सुनने की जानकारी दी है।
Russia-Ukraine विवाद पर यूक्रेन ने क्या कहा? रूस के खिलाफ जर्मनी ने उठाया बड़ा कदम, अमेरिका-ब्रिटेन भी सख्त
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इस रिपोर्ट की पुष्टि की है कि देश पर मिसाइल हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि रूस ने यूक्रेन के इंफ़्रास्ट्रक्चर और बॉर्डर गार्ड्स पर मिसाइल हमला किया है।
पुतिन ने नाटो को धमकी दी है कि अगर यूक्रेन का साथ दिया तो नतीजे भुगतने होंगे। हालांकि, पुतिन ने साफ कर दिया है कि उनका यूक्रेन पर कब्जा करने का इरादा नहीं है। रूसी राष्ट्रपति का कहना है कि यूक्रेनी सेना हथियार डाले और वापस जाए। यूक्रेन की सेना ने रूस को डराया है और यह सब कुछ नियो नाजी लोगों के इशारे पर हो रहा है। पूर्वी यूक्रेन में 2014 में बने अलगाववादी इलाकों ने हमसे मदद मांगी थी, उनके कहने पर ही हम यह कदम उठा रहे हैं।
यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू
उधर यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू हो गया है यानी वहां की कानून-व्यवस्था अब सेना ने अपने हाथ में ले ली है। यूक्रेन की राजधानी कीव में कई जगहों पर बम धमाके हुए हैं। कीव एयरपोर्ट को खाली कराया जा रहा है। रूसी सिपाही क्रीमिया के रास्ते यूक्रेन में घुस रहे हैं। बॉर्डर पर दो लाख से ज्यादा रूसी सिपाही तैनात हैं।
यूक्रेन में इमरजेंसी की घोषणा
रूसी हमले के मद्देनजर यूक्रेन की संसद ने नेशनल इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। इमरजेंसी के ऐलान के साथ ही यूक्रेन ने अपने 30 लाख लोगों को तुरंत रूस छोड़ने के लिए कहा है। रूस ने बुधवार को यूक्रेनी बैंकों और रक्षा, विदेश, आंतरिक सुरक्षा जैसी अहम वेबसाइट पर साइबर अटैक किया। डिप्टी पीएम फेदोरोव ने कहा रूस को मुंहतोड़ जवाब देंगे।