नई दिल्ली : पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का दिल्ली के एम्स में निधन हो गया है। उन्होंने शनिवार दोपहर 12.7 बजे अंतिम सांस ली। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले 9 अगस्त से उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालात लगातार गंभीर बनी हुई थी। शनिवार की दोपहर को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
निधन के बाद अरुण जेटली का पार्थिव शरीर उनके कैलाश कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंच गया, जहाँ नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी और मनमोहन सिंह के साथ जेटली के आवास पर पहुंची और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी जेटली को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे।
देश के तमाम बड़े नेता एक-एक कर जेटली के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुँच रहे हैं। दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल ने भी जेटली के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी जेटली के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह दिवंगत पूर्व वित्त मंत्री अमित शाह को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर पहुंचे।
मुलायम सिंह यादव ने जताया दुःख
अरुण जेटली के निधन पर सपा संरक्षक व यूपी के भूतपूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली का निधन भारतीय राजनीति की बड़ी क्षति है। वह कुशल वक्ता, कानून के जानकार और प्रसिद्ध वकील, सांसद के रूप में उनके भाषण नींव के पत्थर साबित होंगे। उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों में अमिट छाप छोड़ी है।