जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री कुमार चंद्रशेखर राव ने नरसिम्हा स्वामी मंदिर का उदघाटन किया। इस मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया है। तेलंगाना के यदाद्री भुवनगिरी जिले में ये मंदिर है। इस मंदिर में भगवान विष्णु के नरसिम्हा अवतार की पूजा की जाती है।
पिछले साल अक्टूबर में केसीआर के आध्यात्मिक गुरु चिन्ना जीयर स्वामी ने पुनर्निर्मित इस मंदिर को फिर से खोलने का मुहूर्त तय किया था। मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोले जाने के पहले यज्ञ भी किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव शामिल हुए।
श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर के पुनर्निर्माण पर करीब 1800 करोड़ रुपये का खर्च आया है। इस मंदिर का पुनर्निर्माण मुख्यमंत्री केसीआर का ड्रीम प्रोजेक्ट था। यज्ञ सौ एकड़ की यज्ञ वाटिका में 1048 यज्ञ कुंडलों के साथ किया गया।
यदाद्री में श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर हैदराबाद से लगभग 80 किमी दूर है। मंदिर परिसर 14.5 एकड़ में फैला हुआ है।
साल 2016 में इस मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हुआ था जिसके लिए लगभग 1600 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था। संपूर्ण मंदिर टाउनशिप परियोजना 2500 एकड़ में फैली हुई है।
मंदिर का पुनर्निर्माण 2.5 लाख टन ग्रेनाइट से किया गया है जिसे विशेष रूप से प्रकाशम, आंध्र प्रदेश से लाया गया है। वहीं, मंदिर के स्तंभ को एक ही पत्थर से उकेरा गया है। इस मंदिर के पुनर्निर्माण में सीमेंट का उपयोग नहीं किया गया है। यह दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर है जिसका निर्माण पूरी तरह से पत्थर से किया गया है।