जनतंत्र डेस्क Tribal Dance Festival: छत्तीसगढ़ में आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021 का आगाज हो गया है। राजधानी रायपुर में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दीप दीप प्रज्जवलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की। शुभारंभ समारोह में हेमंत सोरेन और भूपेश बघेल, पूर्व राज्य सभा सदस्य बी.के. हरिप्रसाद, यूगांडा और पेलेस्टाइन के कांउंसलर और अन्य अतिथियों ने गौर मुकुट और वाद्य यंत्र मांदर धारण कर इस महोत्सव में शामिल कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आदिवासी नृत्य महोत्सव रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित हुआ। महोत्सव में आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। अनूठी आदिवासी नृत्य शैली के माध्यम से कलाकारों ने लोककलाओं का प्रदर्शन किया। इस मौके पर पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री खुद भी आदिवासी रंग में रंगे नजर आए।
महोत्सव में पहुंचे 7 देशों के नर्तक दल
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में 7 देशों के नर्तक दल सहित देश के 27 राज्यों और 6 केंद्र शासित प्रदेशों के 59 आदिवासी नर्तक दल शामिल हो रहे हैं। इन नर्तक दलों में लगभग 1,000 कलाकार हैं। जिनमें 63 विदेशी कलाकार भी शामिल है। यह कार्यक्रम एक नवंबर तक चलेगा। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का यह द्वितीय आयोजन है। देश-विदेश में इस आयोजन को काफी लोकप्रियता मिली है। इस साल आयोजित हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में श्रीलंका, उज्बेकिस्तान, स्विटजरलैंड, नाइजीरिया, फिलीस्तीन, माले और युगांडा के नर्तक दल हिस्सा ले रहे हैं।