जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पूरे उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण दिल्ली यूपी, हरियाणा और राजस्थान में भी हाड़ कंपाने देने वाली ठंड बरकरार है। राजस्थान में पेड़ों पर बर्फ जम गई है जबकि दिल्ली में तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया है। ठंड के कारण सोमवार सुबह लोग आग जलाकर सिकते नजर आए। मौसम विभाग की मानें तो ठंड और शीतलहर के लोगों को अभी राहत मिलती नजर नहीं आ रही। दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज पूरे दिन सर्द हवाएं चलते की आशंका है।
राजस्थान में खेत बर्फ से ढ़के
जब भी सर्दियों में बर्फ पड़ने की बात होती है हिमाचल प्रदेश, कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों का ही ख्याल आता है। लेकिन इस बार 20 साल बाद ठंड में सारे रिकॉर्ड टूट गए। 20 साल बाद राजस्थान में पेड़ पौधों खेत खलिहानों तक बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। यहां पेड़ों का कलर हरे से सफेद हो गया। पत्तियों पर बर्फ जमा है कार की छत भी बर्फ से ढकी हुई है और खेतों में मानों बर्फीली चादर बिछी हुई है।
पहाड़ से मैदान तक सर्दी का सितम
दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सर्दी का प्रकोप जारी है। IMD के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है, जिससे तापमान में गिरावट आ रही है।
हिमाचल-उत्तराखंड कश्मीर में बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी है। कश्मीर में झीलें बर्फ के कारण जम गई हैं। हिमाचल में भी बर्फबारी जारी है। सोमवार को यहां का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली और दूसरे हिल स्टेशन इस बार क्रिसमस व्हाइट होने वाली है। लाहौल की वादियों में लगातार हिमपात हो रहा है, इससे चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।
यूपी के कई इलाकों में शीतलहर का यलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश भी कड़ाके की ठंड से जूझ रहा है। सोमवार को अलीगढ़ में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अलीगढ़ के अलावा आगरा, मथुरा और मुजफ्फरनगर में भी तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, झांसी में 4.7 डिग्री सेल्सियस और बरेली में 5 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंच गया। मौसम विभाग ने अभी शीतलहर से राहत के संकेत नहीं दिए हैं विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे इसी तरह शीतलहर जारी रहेगी।