नई दिल्ली: पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का दिल्ली के एम्स में निधन हो गया है। उन्होंने शनिवार दोपहर 12.7 बजे अंतिम सांस ली। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले 9 अगस्त से उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालात लगातार गंभीर बनी हुई थी। शनिवार की दोपहर को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
अरुण जेटली का अंतिम संस्कार आज यानी रविवार को किया जाएगा। निगम बोध घाट पर दोपहर बाद 2 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा। जेटली के पार्थिव शरीर को उनके कैलाश कॉलोनी स्थित आवास पर ले जाया गया है।
रविवार की सुबह को बीजेपी पार्टी मुख्यालय में अरुण जेटली का पार्थिव शरीर रखा जाएगा। यहां बीजेपी कार्यकर्ता और अन्य लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
पूर्व वित्त मंत्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने भी अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने कहा कि अरुण जेटली का इस तरह से जाना राष्ट्र के लिए बड़ी क्षति है। वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि जेटली के निधन ने बौद्धिक पारिस्थितिकी तंत्र में एक बहुत बड़ा शून्य छोड़ दिया है।