औरैया : सड़क हादसे में 24 प्रवासी मजदूरों की मौत ,परिजनों को 2 लाख का मुआवज़ा
देशव्यापी लॉकडाउन (Lockdown) के बीच घर वापस लौट रहे मजदूरों के लिए यह लॉकडाउन श्राप साबित हो रहा है। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया। और इस भयानक दुर्घटना में 24 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है। मजदूर इसी ट्रक में सवार थे। घटना के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया है। शनिवार सुबह औरैया (Road Accident in Auraiya) में सड़क दुर्घटना में 24 मजदूरों की मौत हो गई है वहीं 36 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कई किलोमीटर लंबे रास्तों का सफर खुद तय करने निकले प्रवासी मजदूर अलग अलग क्षेत्रों में सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं।
राहत एवं बचाव कार्य शुरू
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी इस दुर्घटना को देख कर सख्ते में हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुँच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। ओरैया की सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने कहा कि ‘इस हादसे में 24 लोगों की मौत हुई है। 22 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और 15 गंभीर रूप से घायलों को सेफैई पीजीआई रेफर किया गया है। ये लोग राजस्थान से बिहार और झारखंड जा रहे थे।’
कई घायलों की हालत नाज़ुक
इस घटना के दर्द को घटना स्थल पर बिखड़े सामान को देख कर लगाया जा सकता है। वहीं एसपी का कहना है कि ‘यह घटना तकरीबन सुबह 3 बजे से 4 बजे के बीच घटित हुई है। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। कुछ घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि जिन लोगों की हालत गंभीर है उन्हें सैफई के लिए रिफर किया गया है।’ इस घटना के बाद डीएम औरैया अभिषेक सिंह ने बताया कि इनमें से ज्यादातर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हुए सख्त
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में घटित हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को संज्ञान में लिया है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री योगी ने मृतक के परिवार को 2 लाख का मुआवजा और घायलों को 50 हज़ार मुआवजे का ऐलान किया है। और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
दो थाना इंचार्ज सस्पेंड
योगी सरकार ने घटना पर सख़्ती जताते हुए दो थाना इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है। वहीं तमाम पुलिस अधिकारीयों से जवाब मांगा है। मुख्यमंत्री ने घटना से जुड़े हर पहलु की सख्ती से जाँच करने का आदेश दिया है। उन्होंने मंडलायुक्त कानपुर और आईजी कानपुर को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य अपनी देखरेख में संपन्न कराने, दुर्घटना के कारणों की जांचकर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सड़क दुर्घटना में 36 लोग घायल
औरैया जिले के अडिशनल एसपी कमलेश कुमार दीक्षित ने जनतंत्र के संवाद दाता पंकज चतुर्वेदी से बातचीत के दौरान बताया कि ‘इस घटना में अबतक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। यह सड़क दुर्घटना सुबह तड़के तकरीबन 3 बजे से 4 बजे के बीच हुआ। घायलों में से 15 लोगों को सैफई रिफर किया गया है जबकि 22 लोगों का औरैया स्थित जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।’
यूपी में हादसों पर हादसे
सड़क हादसों का चेन टूटने का नाम नहीं ले रहा। इसी बीच अयोध्या हाईवे पर कोतवाली से तीन किलोमीटर की दूरी पर शुक्रवार सुबह दो सड़क हादसे हुए। इसमें तेज रफ्तार वाहनों ने 11 श्रमिकों को रौंद दिया जिसमे पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वाले आपस में चाचा, भतीजे, मामा-भांजे हैं। गंभीर चोटों के कारण चार को केजीएमयू लखनऊ रिफर किया गया है। दो का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। यह लोग पैदल ही अपने घरों को जा रहे थे। हादसे के शिकार ये मजदूर बहराइच, गोरखपुर और देवरिया जिलों के हैं।
आज एक तरफ औरैया की घटना ने देश का दिल दहला दिया है तो दूसरी तरफ आज ही के दिन उत्तर प्रदेश में दूसरा सड़क हादसा सामने आया है। जिसमें दंपत्ति की मौत हो गई है। देश में 12 घंटे के भीतर यह तीसरी सड़क दुर्घटना और अब तक 32 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग गंभीर रुप से घायल हैं। योगी सरकार ने दो थाना इंचार्ज को सस्पेंड किया है वहीं मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार देने का ऐलान भी किया है।