Amphan Tracker : अम्फान’ के आज पश्चिम बंगाल के तट पर टकराने की संभावना
सुपर साइक्लोन ‘अम्फान’ के आज पश्चिम बंगाल के तट पर टकराने की संभावना है। इस दौरान 155 से 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाएं चलने और भारी बारिश का अनुमान है। भारत मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश होगी और समुद्र में चार-पांच मीटर ऊंची लहरें उठेंगी। बताया जा रहा है कि ये चक्रवात उत्तर और उत्तर पश्चिम दिशा में काफी रफ्तार में आगे बढ़ रहा है।
ओडिशा में बनाए गए 704 कैम्प
अनुमान है कि इसकी रफ्तार अभी और बढ़ेगी। साइक्लोन अम्फान आज दोपहर तक पश्चिम बंगाल के दीघा और बांग्लादेश के हादिया में टकरा सकता है। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा में 1704 कैम्प बनाए गए हैं। साथ ही 1 लाख से ज़्यादा लोगों को तटिए इलाके से दूर ले जाया गया है। राहत की बात ये हैं कि ओडिशा में तेज बारिश और हवा के चलते चक्रवाती तूफान पहले से काफी कमजोर पड़ गया है।
180 किमी/प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा महाचक्रवाती तूफान अम्फान
ओडिशा के पारादीप में सुबह से ही तेज हवाएं चल रही हैं। बताया जाता है कि यहां पर 82 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही है। 180 किमी/प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहे महाचक्रवाती तूफान अम्फान को देखते हुए पश्चिम बंगाल और ओडिशा के जोखिम वाले इलाकों को खाली करा दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दोपहर या फिर शाम तक सुपर साइक्लोन ‘अम्फान’ पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के तट पर पहुंचेगा। दोनों राज्य हाई अलर्ट पर हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ओडिशा और पश्चिम बंगाल में NDRF की 40 टीमें तैनात की गई हैं।
मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है और आगाह किया है कि कोलकाता, हुगली, हावड़ा, दक्षिण और उत्तर 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर जिलों में बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता है। ओडिशा के बालासोर जिले के चांदीपुर में तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में हाई टाइड उठ रहे हैं। चक्रवाती तूफान के चलते मछुआरों को समुद्र में जाने से रोक दिया गया है।