नई दिल्ली: पंजाब नेशनल बैंक के साथ 13 हजार करोड़ के घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी की वापसी के लिए भारत हर संभव कोशिश कर रहा है। इसी बीच खबर आई है कि अब एंटिगुआ जल्द ही मेहुल की नागरिकता रद्द करने वाला है।
एंटिगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने बयान दिया है कि वह जल्द ही मेहुल चोकसी की नागरिकता रद्द करने वाले हैंस क्योंकि इसके लिए भारत की ओर से लगातार उस पर दबाव बनाया जा रहा है। इसके बाद मेहुल को भारत वापस लाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
एंटिगुआ के प्रधानमंत्री ने कहा कि मेहुल चोकसी को पहले यहां की नागरिकता मिली हुई थी, लेकिन अब इसे रद्द किया जा रहा है और भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है। हम किसी भी ऐसे व्यक्ति को अपने देश में नहीं रखेंगे, जिसपर किसी भी तरह के आरोप लगे हों।
बता दें कि हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी और नीरव मोदी पर पीएनबी के साथ 13 हजार करोड़ का गबन करने का आरोप था। 2018 में ये मामला सामने आया था, जिसके बाद विपक्ष पूरी तरह से मोदी सरकार पर हमलावर था। अब मोदी सरकार चोकसी को वापस भारत लाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।