नई दिल्ली : गुजरात और हिमाचल प्रदेश में नए राज्यपालों की नियुक्ति किये जाने के बाद अब छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी गयी है। छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में नए राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आदेश जारी कर दिया है। अनुसुइया उइके को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि विश्वभूषण हरिचंदन को आंध्र प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि सोमवार को राष्ट्रपति द्वारा गुजरात और हिमाचल प्रदेश में नए राज्यपालों की नियुक्ति की गयी थी। बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे कलराज मिश्र को हिमाचल प्रदेश, जबकि हिमाचल प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल देवव्रत आचार्य को गुजरात का राज्यपाल बनाया गया था। वहीँ आज मंगलवार को छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी गयी है।
आने वाले दिनों में कई और राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की जा सकती है, क्योंकि मौजूदा राज्यपालों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा का 30 अगस्त 2019 को कार्यकाल खत्म हो रहा है। गुजरात के ओम प्रकाश कोहली 15 जुलाई, कर्नाटक के वजुभाई रुडा भाई वाला 31 अगस्त, केरला के राज्यपाल जस्टिस पी सदाशिवम चार सितंबर, महाराष्ट्र के राज्यपाल विद्यासागर राव का कार्यकाल 29 अगस्त को खत्म हो रहा है।
इसके अलावा नागालैंड के राज्यपाल पद्मनाथ बालकृष्ण आचार्य 18 जुलाई, राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह तीन सितंबर को, वहीं त्रिपुरा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी का कार्यकाल 26 जुलाई को समाप्त होगा। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक 21 जुलाई 2019, पश्चिम बंगाल के केशरीनाथ त्रिपाठी 23 जुलाई 2019 को रिटायर हो रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिन राज्यपालों की उम्र 70-80 के पार है, उन्हें दुबारा मौका नहीं मिल सकता है।