जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: महिला आयोग की ओर से महिलाओं के लिए सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, मंत्री गोपाल राय, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल मौजूद रहे। समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने सभी महिलाओं को खास दिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज तब तक सही मायने में प्रगति नहीं कर सकता जब तक कि उसकी महिलाएं सशक्त नहीं होतीं। मैं कुछ अद्भुत लोगों से मिलने और उनका सम्मान करने के लिए बहुत खुश और गर्व महसूस कर रहा हूं। जिन्होंने ऐसा किया है। उन्होंने कहा, ‘’आइए हम सभी “एक स्थायी कल के लिए आज लैंगिक समानता” के लिए काम करें।‘’
कैलाश गहलोत ने कहा कि दिल्ली में आज सार्वजनिक बसों की संख्या 7 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। हर बस में मार्शल हैं। इसलिए हमारी बहन-बेटियां आज बसों में सफर के दौरान खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से बसों की स्थिति लाइव देखी जा सकती है।