Andhra Pradesh : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बीजेपी केवल उत्तर केंद्रित पार्टी नहीं है और उत्तर-दक्षिण के बीच रेखा विपक्ष ने संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए खींची है। उन्होंने कहा कि पार्टी को बदनाम करने के ऐसे प्रयास राष्ट्रीय अखंडता पर सवालिया निशान लगाते हैं।
राजनाथ ने क्या कहा?
राजनाथ ने कहा कि बीजेपी विभिन्न राज्यों की सत्ता में रही है जिनमें दक्षिणी राज्य कर्नाटक शामिल है। अक्सर आरोप लगाया जाता है कि बीजेपी केवल उत्तर भारत की पार्टी है या बीजेपी सिर्फ हिंदी पट्टी की पार्टी है। लेकिन, बीजेपी ने असम में दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। असम हिंदी पट्टी का राज्य नहीं है।
राजनाथ सिंह ने क्या कहा?
पार्टी राजस्थान और गुजरात जैसे पश्चिमी राज्यों में तकरीबन 3-4 दशकों से प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रही है और पिछले लोकसभा चुनावों में पश्चिम भारत में उसे अधिकतम सीटें प्राप्त हुई थीं। राजनाथ सिंह ने कहा कि गुजरात में 30 वर्षों से हमारी सरकार है। कर्नाटक में लंबे समय तक हमारी सरकार रही। वर्तमान में हम बंगाल, ओडिशा व कर्नाटक में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी हैं।
हमारा मत प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है
आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु व केरल में हमारा मत प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। इसलिए, यह कहना तथ्यात्मक रूप से बिल्कुल गलत है कि बीजेपी केवल उत्तर भारतीयों की पार्टी है। सिंह ने कहा कि दक्षिण भारत की समृद्धता के आंकड़े दिखाकर हमारे विपक्ष के सहयोगी कई बार उत्तर व दक्षिण भारतीयों के बीच विद्वेष दिखाने की कोशिश करते हैं।
बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पंथनिरपेक्ष पार्टी है
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर व दक्षिण भारत में कुछ विभिन्न ढांचागत मुद्दे हैं और हमारे प्रयास दोनों को साथ लाकर कुछ अच्छा और बड़ा करने का होना चाहिए। हमारा प्रयास दोनों को और अधिक जोड़ने का होना चाहिए, न कि दोनों को भाषा एवं समृद्धता के नाम पर तोड़ने का। रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ लोग बीजेपी पर सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाते हैं, जबकि बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पंथनिरपेक्ष पार्टी है।
यह भी पढ़ें – ममता सरकार जानती है शाहजहां शेख कहां है : निर्मला सीतारमण