नई दिल्ली: मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आज पहला बजट पेश होने वाला है। देश की पहली महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के न्यू इंडिया का पहला बजट पेश करेंगी। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि इस बजट में मोदी सरकार की ओर से मिडिल क्लास के लोगों को खास तोहफा मिल सकता है।
सूत्रों के मुताबिक इनकम टैक्स छूट की सीमा को 2.5 लाख रुपए से बढ़ाकर 3 लाख रुपए किया जा सकता है। इसके साथ ही 5 लाख से 8 लाख रुपए की आय पर 10 फीसदी का टैक्स स्लैब का ऐलान संभव है। इसके अलावा सरकार आमजन को और भी कई तोहफें दे सकती है।
वहीं, निवेश पर टैक्स छूट की सीमा की बात करें तो इसे 1.50 लाख रुपए से बढ़ाकर 2 लाख रुपए तक किया जा सकता है। होमलोन लेने वालों के लिए भी इस बजट में अहम घोषणा की जा सकती है। दरअसल, होमलोन के ब्याज पर मिलने वाले टैक्स छूट की सीमा को 2 लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपए किया जा सकता है।
किसानों के लिए भी इस बजट में खास घोषणाएं हो सकती हैं। जो छोटे और सीमांत किसान हैं, उन्हें 60 साल के आयु के बाद 3000 रुपए पेंशन देने की योजना के लिए विशेष फंड का ऐलान किया जा सकता है। जल संरक्षण और सिंचाई के लिए भी विशेष घोषणाएं संभव हैं।