Pakistani Army Convoy Attack: 28 जून 2025 को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में सेना के काफिले पर हुए एक आत्मघाती हमले में 13 सैनिक शहीद हो गए और 29 लोग घायल हो गए, जिनमें 10 सैनिक और 19 नागरिक शामिल हैं।
चार सैनिकों की हालत गंभीर
हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को काफिले से टकरा दिया, जिससे आसपास की दो इमारतों की छतें ढह गईं, जिसमें छह बच्चे घायल हुए। इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के हाफिज गुल बहादुर समूह ने ली है। हमले में घायल चार सैनिकों की हालत गंभीर बनी हुई है। क्षेत्र को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और घायलों को नजदीकी सैन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंसा में वृद्धि हुई है।
पाकिस्तान में आतंकवाद की हुई वृद्धी
ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के अनुसार, पाकिस्तान में आतंकवाद से संबंधित मौतों में 45% की वृद्धि हुई है, जो 2023 में 748 से बढ़कर 2024 में 1,081 हो गई। यह हमला क्षेत्र में बढ़ते आतंकी खतरों की गंभीरता को दर्शाता है, और सुरक्षा बल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्परता से कार्रवाई कर रहे हैं।