Citizenship Amendment Bill : राज्यसभा में बिल पास
नई दिल्ली- नागरिकता संशोधन बिल का लगातार देश के कई हिस्सों में विरोध किया जा रहा है। वहीं बुधवार को असम में लोगों द्वारा किए जा रहे CAB विरोध प्रदर्शन पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले बरसाए। असम में चल रहे उग्र प्रदर्शन के कारण कई हिस्सों में धारा 144 लगाने के साथ- साथ, अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई है।
CAB विरोध प्रदर्शन के चलते उड़ान रद्द
बता दे कि असम में नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन काफी हिंसक होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ की, और फिर आग के हवाले कर दिया। वहीं CAB विरोध प्रदर्शन के चलते कोलकाता से गोवाहाटी को जाने वाली उड़ान भी प्रभावित हुई। प्रदर्शन के चलते इस उड़ान रद्द को कर दिया गया।
बिल के पक्ष में और विरोध में पड़े इतने वोट
लोकसभा में नागरिकता संशोधन बिल पास होने के बाद बिल बुधवार को राज्यसभा में भी पास करा लिया गया। इस बिल के पक्ष में 125 वोट और विरोध में 99 वोट पड़े है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में दोपहर 12 बजे नागरिकता संशोधन बिल को पेश किया था। बिल पेश करने के बाद इस बिल पर ऊपरी सदन में चर्चा हुई। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने जमकर हंगामा किया। चर्चा के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने अपना जवाब सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। जिसके बाद राज्यसभा में यह ऐतिहासिक बिल पास हो गया।
बता दे कि राज्यसभा में कुल 230 वोट पड़े थे। शिवसेना ने वोटिंग प्रक्रिया से दूर रहने का फैसला लिया है। अब नागरिकता विधेयक को संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद विधेयक पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह कानून बन जाएगा।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा
राज्यसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक पर वोटिंग का बहिष्कार करने पर शिवसेना सांसद संजय राउत बोले- “मेरी पार्टी और मैंने महसूस किया कि जब जवाब ठीक से नहीं दिए जा रहे हैं तो बिल का समर्थन या विरोध करना सही नहीं है”
राज्यसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक पास होने के बाद पीएम नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा- ‘आज हमारे देश के लिए ऐतिहासिक दिन है। राज्यसभा में बिल पास होने से खुश हूं और बिल के पक्ष में वोट करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करता हूं’।
सोनिया गांधी ने बयान जारी कर लिखा
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नागरिकता संशोधन बिल के पास होने को काला दिन बताया है। सोनिया गांधी ने बयान जारी कर लिखा है आज का दिन भारत के संवैधानिक इतिहास का काला दिन है। इस बिल के पास होने से देश के संकीर्ण सोच रखने वालों की जीत हुई है। सोनिया गांधी ने कहा हमारे महापुरुषों ने जिस भारत का सपना देखा था, ये बिल उसे चुनौती देने वाला है। इस बिल के पास होने से धर्म के आधार पर राष्ट्र को देखा जाएगा, जो देश को बांटने वाला है।
अमित शाह ने राज्यसभा में बिल पेश करते हुए कहा
गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में नागरिकता संशोधन बिल पेश करने के बाद कहा कि इस बिल के बारे में भ्रांति फैलाई जा रही है। इस देश के मुसलमानों के लिए चिंता की कोई बात नहीं है। वे नागरिक थे, हैं और रहेंगे। शाह ने कहा कि मुसलमान किसी के बहकावे में नहीं आएं। उन्हें कोई प्रताड़ित नहीं करेगा। गृह मंत्री ने कहा कि इस बिल के प्रावधान में, लाखों, करोड़ों लोग जो नर्क की यातना का जीवन जी रहे हैं, उन्हें नई आशा दिखाने का ये बिल है।
कांग्रेस की ओर से आनंद शर्मा ने अपनी दलीले रखते हुए कहा था कि पहले और अब के बिल में काफी अंतर है, सबसे बात करने का जो दावा किया जा रहा है उससे “मैं सहमत नहीं हूं. इतिहास इसको कैसे देखेगा, उसे वक्त बताएगा” राज्यसभा में पेश नागरिकता संशोधन विधेयक पर बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी बात रखी। जेपी नड्डा ने कहा, देश के अंदर जो लोग लंबे समय से अन्याय के वातावरण में जी रहे थे, उनको सम्मान के साथ जीने का एक रास्ता देने का प्रयास नागरिकता संशोधन बिल के द्वारा किया गया है।
देश के कई हिस्सों में नागरिकता संशोधन बिल का विरोध किया जा रहा है इस बिल का सबसे ज्यादा विरोध असम में किया जा रहा है। वहीं डिब्रूगढ़ में पुलिस औऱ प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नागरिकता संशोधन विधेयक के संसद के दोनों सदनों से पास होने के बाद जैसलमेर में पाकिस्तानी हिन्दू शरणार्थियों ने जश्न मनाया।