MP Election: मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया धुआंधार प्रचार कर रहे हैं। वे प्रदेश के कई जिलों में लगातार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। 3 नवंबर को केंद्रीय मंत्री सिंधिया अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यहां बहादुरपुर में उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान वे कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस ने किसान कर्ज माफी के 26 लाख फर्जी सर्टिफिकेट बांटे। मेरे हाथ से भी बंटवा दिए। पुरानी कहावत है झूठ बोले कौआ काटे। मैं कांग्रेस के लिए काला कौआ हूं।”
भाजपा के तारीफों के बांधे पुल
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा की गई विकास की छवि देखनी है तो मुंगावली को देखें जो आधारभूत संरचना विकास में अतुलनीय प्रगति का प्रमाण है। मगर कांग्रेस के शासन में ऐसा नहीं था। लोग तरसते थे, दर दर भटकते थे। न सड़क, न बिजली, न स्कूल और न रेल – भगवान भरोसे चल रहा था पूरा खेल। आज ये सब इतिहास है। भाजपा ने पूरे क्षेत्र और जीवन का कायाकल्प कर दिया है, जो यहां के प्रसन्नचित चेहरों पर साफ दिखता है।
2003 से पहले शर्मनाक स्थिति थी प्रदेश की -सिंधिया
पहले कांग्रेस के जमाने में विकास, पैदल चल-चलकर औंधे मुंह गिरता था। क्योंकि, गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ती थी. बिजली भी नहीं आती थी। इसलिए किसान दिन में बुआई करता था और रात को सिंचाई। शाहढोरा का युवा ये नहीं जानता कि 2003 से पहले ऐसी शर्मनाक स्थिति थी। क्योंकि, मध्य प्रदेश में आज भाजपा का समय है। आज, राज्य में विकास तेज पटरी पर दौड़ रहा है जिसे कायम रखने के लिए जनता प्रतिबद्ध है। इससे पहले हुई सभा में उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा था कि अब वह पार्टी 5-जी लेकर आई है। जिस पार्टी ने 2-जी का कांड किया हो, वो सरकार में आएगी तो गारंटी नहीं देगी 5-जी का कांड करके जाएगी।