उत्तर प्रदेश का चंदौली जिला इस वक्त दो बड़े प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चल रहे ‘घमासान’ का केंद्र बन गया है। मामला किसी सरकारी फाइल का नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच छिड़ी उस कानूनी जंग का है, जिसने शासन से लेकर प्रशासन तक में हड़कंप मचा दिया है। सदर तहसील में तैनात SDM दिव्या ओझा और पीडीडीयू नगर तहसील में तैनात उनके पति SDM अनुपम मिश्रा के बीच का विवाद अब घर की दहलीज लांघकर थाने की चौखट तक पहुंच गया है।
SDM दिव्या ओझा के पिता निशिकांत ओझा ने प्रतापगढ़ के महिला थाने में दामाद अनुपम मिश्रा और उनके परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। FIR में लगाए गए आरोप चौंकाने वाले हैं। आरोप है कि शादी के वक्त 20 करोड़ रुपये की मांग की गई थी, जो बाद में 5 करोड़ पर तय हुई। पिता का दावा है कि उन्होंने अब तक 10 लाख बैंक से, 28 लाख नकद और 40 लाख के जेवर दिए हैं।
दिव्या के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की कोशिश भी की गई। तहरीर में दावा किया गया है कि अनुपम ने अश्लील वीडियो बनाकर दिव्या को ब्लैकमेल किया। FIR में अनुपम मिश्रा को “जन्मजात नपुंसक” बताया गया है। आरोप है कि शादी से पहले यह सच्चाई छिपाई गई और बाद में विरोध करने पर दिव्या का उत्पीड़न शुरू कर दिया गया।
यह लड़ाई एकतरफा नहीं है। SDM अनुपम मिश्रा की मां, शशि मिश्रा ने भी मोर्चा खोलते हुए चंदौली के अलीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बहू दिव्या ओझा और उनके परिजनों ने उनके साथ मारपीट और अभद्रता की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
दिव्या ओझा और अनुपम मिश्रा 2017 और 2019 बैच के पीसीएस (PCS) अधिकारी हैं।दोनों का विवाह 1 दिसंबर 2020 को प्रयागराज के नैनी में हुआ था। वर्तमान में दोनों पति-पत्नी एक ही जिले (चंदौली) की अलग-अलग तहसीलों में उपजिलाधिकारी (SDM) के पद पर तैनात हैं।
दो जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों के बीच इस तरह के गंभीर आरोपों और मुकदमों ने जिले के प्रशासनिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। पुलिस अब साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। प्रतापगढ़ पुलिस के अनुसार, अनुपम मिश्रा समेत उनके पिता प्रमोद मिश्रा, मां शशि मिश्रा और दो बहनों पूजा व प्रीति पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।















