जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिग्गज टेनिस प्लेयर राफेल नडाल ने रविवार को 13 साल बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन के मेंस सिंगल्स का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने मेलबर्न में 2 सेट से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए खुद से 10 साल छोटे रूस के दानिल मेदवेदेव को हराया।
स्पेन के 35 साल के राफेल नडाल ने पुरुष एकल में सर्वाधिक 21 ग्रैंडस्लैम खिताब के साथ रिकॉर्ड अपने नाम किया। राफेल नडाल ने 5 घंटे और 24 मिनट चले मुकाबले में 2-6, 6-7 (5), 6-4, 6-4, 7-5 से अपने प्रतिद्वंदी दानिल मेदवेदेव को मात दी। यह ऑस्ट्रेलियाई ओपन का दूसरा सबसे ज्यादा समय चला फाइनल है। इससे पहले 2012 में सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने नडाल को पांच सेट चले मुकाबले में पांच घंटे और 53 मिनट में हराया था।
इसी के साथ नडाल अब 21 पुरुष एकल ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले रोजर फेडरर और जोकोविच के साथ साथ नडाल के नाम भी 20 ग्रैंडस्लैम खिताब थे। ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीतने के बाद नडाल ने दोनों स्टार खिलाड़ियों को पछाड़ दिया।