Punjab Sub Inspector Murder : पंजाब के तरनतारन से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां तरनतारन जिले के कोट मोहम्मद खान गांव में विवाद ने हिंसक घटना का रूप ले लिया। इस घटना में गोइंदवाल साहिब थाने के सब-इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वहीं एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) जसबीर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
इस घटना में आम आदमी पार्टी (आप) के मौजूदा सरपंच कुलदीप सिंह और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
सब इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गांव में विवाद गांव के सरपंच कुलदीप सिंह के बेटे और गांव के ही अर्शदीप सिंह के बीच शुरू हुआ था। इस तनाव ने बुधवार, 9 मार्च को हिंसक झड़प का रूप ले लिया। सुबह 11 बजे हुई एक झड़प के बाद विवाद सुलझाने के लिए शाम चार बजे पंचायच का समय तय किया गया। लेकिन पंचायत में सरपंच गुट ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया।
सुनियोजित तरीके से घटना को दिया गया अंजाम
जिसके बाद सरपंच कुलदीप सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर श्री गोइंदवाल साहिब थाने से सब-इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह और उनकी टीम पहुंंची। जब पुलिस वहां पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच फिर से तीखी झड़प शुरू हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की लेकिनइसी दौरान आरोपियों ने सब-इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और उन पर तीन गोलियां चला दीं। गोली लगने से चरणजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एएसआई जसबीर सिंह पर भी हमला किया गया, जिसमें उनकी बांह टूट गई। घायल एएसआई को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति सही है।
पुलिस ने शुरू की जांच-पड़ताल
तरनतारन जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू हो चुकी है। जांच में सामने आया कि हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से पुलिस टीम पर हमला किया। पुलिस ने सरपंच कुलदीप सिंह और अन्य संदिग्धों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।