रायबरेली, उत्तर प्रदेश: पूर्व कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पर बुधवार को रायबरेली के सारस चौराहे पर स्वागत के दौरान एक युवक ने हमला कर दिया। युवक ने पहले उन्हें माला पहनाई और फिर थप्पड़ जड़ दिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। नाराज़ समर्थकों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
लगातार विवादों में रहे हैं मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य अक्सर अपने बयानों को लेकर विवादों में रहते हैं। हमले के बाद हमलावर युवक रोहित द्विवेदी ने कहा कि उसने मौर्य के ब्राह्मणों, भगवान राम और सनातन धर्म के विरोध के चलते थप्पड़ मारा। रोहित ने खुद को करणी सेना का सदस्य बताया और पुलिस को दिए बयान में आरोप स्वीकार किया।
पार्टी कार्यकर्ता भी रहे शामिल, घटना का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि हमला करने वाला युवक पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच खड़ा था। जैसे ही कार्यकर्ता उनका स्वागत करने लगे, इसी बीच भीड़ में पीछे से एक युवक आया और पूर्व मंत्री को माला पहनाते हुए पीछे से उनपर हमला कर दिया। घटना से भड़के पूर्व मंत्री समर्थकों ने आरोपित युवक और उसके साथी को जमकर मारापीटा। मिल एरिया थानाध्यक्ष अजय राय का कहना है कि युवकों द्वारा पूर्व मंत्री से अभद्रता व उनपर हमले का प्रयास किया गया था। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों ने अपने नाम रोहित द्विवेदी व शिवम यादव बताए हैं। मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों में इसे लेकर रोष देखा जा रहा है।
#BreakingNews | उत्तर प्रदेश:रायबरेली में अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला
➡️ माला पहनाने के दौरान युवक ने मारा थप्पड़ #SwamiPrasadMaurya #LokdalSamajParty #NewsUpdate #raebareli #UttarPradesh #slapped… pic.twitter.com/B5hLWCEP9A
— Jantantra Tv (@JantantraTv) August 6, 2025
योगी सरकार पर जमकर साधा निशाना
घस्वामी प्रसाद मौर्य ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये लोग करणी सेना के नाम पर कीड़े-मकोड़े हैं। ये लोग खुलेआम कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं। दिनदहाड़े चौराह पर मारपीट से पता चलता है कि योगी सरकार में गुंडे-माफियाओं के हौसले कितने बढ़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक जाति विशेष के लोगों को अपराध करने का लाइसेंस मिला है। प्रदेश में जंगलराज फैला हुआ है। जब पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद है तो ये अकेले में क्या करते होंगे।
दो साल पहले लखनऊ में भी हुआ था हमला
यह पहली बार नहीं है जब मौर्य पर हमला हुआ हो। दो साल पहले लखनऊ में भी एक युवक ने मंच पर चढ़कर उन पर जूता फेंका था। तब भी सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंपा था।
















