तमिलनाडु में भाजपा अजीब स्थिति में है. राज्य का सबसे बड़ा चेहरा ही अब साथ छोड़ने को है. जी हां, तमिलनाडु में भाजपा के पूर्व चीफ अन्नामलाई को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है. क्या वह भाजपा से अलग होंगे और अपनी पार्टी बनाएंगे? इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. इस बीच उन्हें भाजपा में रोकने की कोशिश भी जारी है. पूर्व तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख के अन्नामलाई ने आज यानी मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की. पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच अन्नामलाई आज दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और नेता बीएल संतोष से मिले.
माना जा रहा है कि आज ही दिन में के. अन्नामलाई की गृह मंत्री अमित शाह से भी अहम मुलाकात है. अटकलों के बीच दोनों एक एहम बैठक करेंगे. इस बैठक के बाद तय हो जाएगा कि तमिलनाडु भाजपा के पोस्टर बॉय रहे अन्नामलाई भाजपा से अलग हो रहे हैं या फिर भाजपा में ही पहले की तरह रहेंगे. सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई भारतीय जनता पार्टी से आपसी सहमति से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं.

भाजपा नेता अन्नामलाई के करीबी सूत्रों का कहना है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई का मानना है कि थलापति विजय के एक बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है. इस मामले से जुड़े सूत्र ने कहा, ‘आज विजय से मुकाबला करने के लिए कोई नेता नहीं है. द्रविड़ युग खत्म हो चुका है. सिर्फ भाषा के मुद्दों पर आधारित राजनीति अब नहीं चलेगी. राज्य की राजनीति बदल गई है.’
सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई जनता के लिए एक आंदोलन शुरू कर सकते हैं और सभी की नजरें इस पर हैं कि क्या यह आगे चलकर एक पार्टी में बदल जाएगा. इससे पहले भाजपा के तमिलनाडु से आने वाले प्रमुख नेताओं में से एक के अन्नामलाई ने पार्टी से नाराजगी और नया राजनीतिक संगठन बनाने की संभावनाओं को लेकर लगायी जा रही अटकलों पर सोमवार को कहा कि आगामी दो दिन में वह अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे.
अन्नामलाई ने दिल्ली रवाना होने से पहले चेन्नई हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह दो दिनों में जवाब देंगे और अपना रुख स्पष्ट करेंगे.