जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बिहार के समस्तीपुर गांव में रुह कांप देने वाली घटना सामने आई है। विद्यापतिनगर थाना के मऊ गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर में ही फंदे से लटके मिले। बताया जा रहा है कि मृतक मनोज आटो चलाकर और खैनी बेचकर बेहद दिक्कतों के साथ अपने परिवार को पाल रहा था। परिवार का गुजर- बसर करने के लिए उसने कई लोगों से कर्जा भी ले रखा था। परिवार दिये गये समय में ऋण चुकाने में असफल हो गया था और उनको लोगों के ताने और डांट सुनने को मिल रही थी। कर्ज में डूबे रहने के कारण और आर्थिक तंगी से परेशान होकर परिवार के पांच लोगों ने एक साथ आत्महत्या कर ली।
मृतकों में वार्ड 11 निवासी 45 वर्षीय मनोज झा, मनोज झा की 65 वर्षीय मां सीता देवी , मनोज झा का 10 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार और 7 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार और मनोज झा की 38 वर्षीय पत्नी सुंदरमणि देवी शामिल हैं।
बता दें कि जानकारी मिलते ही आस- पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों ने ही इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पूरी तरह से घेराबंदी कर दी है और पुलिस ने मामले की जांच भी शुरु कर दी है। वहीं लोगों का कहना है कि यह सामूहिक आत्महत्या हो सकती है या हत्या के बाद आत्महत्या, या फिर सामूहिक हत्या,अब इस बात से पर्दा तो जांच के बाद ही हटेगा।
ऋण न चुका पाने के कारण मनोज झा के पिता ने भी की थी आत्महत्या
बताया जा रहा है कि मनोज झा के पिता रविकांत झा ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। उन्होंने बेटी की शादी के लिए कर्ज लिया था जिसे चुकाने में वो असफल हुए थे और जान दे दी थी।