जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक नए राष्ट्र मिशन “मेक इंडिया नंबर-1’’ की शुरूआत की है। इस मिशन की शुरुआत करते हुए कहा कि हमें भारत को दुनिया का सबसे मजबूत देश बनाना है। वहीं उनका कहना है कि हमें देश में सबको अच्छी और मुफ्त शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं, हर युवा को रोजगार, हर महिला को सम्मान व सुरक्षा और किसानों को फसल का पूरा दाम देना, यह पांच चीजें सुनिश्चित करनी पड़ेगी।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा आज तालकटोरा स्टेडिय से ‘‘मेड इंडिया नंबर-1’’ मिशन की शुरूआत की गई। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली के कोने-कोने से भारी संख्या में लोगों का हूजूम उमड़ पड़ा था। हर हाथ में भारतीय राष्ट्रीय ध्यज था और दिल में देशभक्ति की लगन थी।
वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं देश के 130 करोड़ लोगों से अपील करता हूं कि इस राष्ट्रीय मिशन के साथ जुड़ें। यह किसी पार्टी का मिशन (Mission Make India Number 1) नहीं है। भाजपा और कांग्रेस समेत देश के सभी पार्टी के लोग साथ आएं। हमें लड़ाई-झगड़े नहीं करने हैं। लड़ाई-झगड़े करके हमने 75 साल खराब कर दिए। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत दुनिया का नेतृत्व कर सकता है, लेकिन शर्त यह है कि देश के 130 करोड़ लोगों को मिलकर बागडोर संभालनी पड़ेगी।
अगर इन पार्टियों और इन नेताओं के भरोसे देश को छोड़ दिया, तो भारत 75 साल और पीछे रह जाएगा। इनमें से किसी को अपना परिवार, तो किसी को अपना दोस्त प्यारा है। किसी को भ्रष्टाचार करना है, तो किसी को देश लूटना है। मैं देश के कोने-कोने में जाकर लोगों को जोड़ूंगा। जब इस मिशन से 130 करोड़ लोग जुड़ जाएंगे, तब भारत को सर्वश्रेष्ठ और शक्तिशाली राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता है।