Delhi Pollution: राजधानी दिल्ली में ठंड की दस्तक के साथ ही प्रदूषण का कहर भी शुरू हो गया है। सोमवार के बाद आज भी हवा की गुणवत्ता यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में कोई सुधार नहीं हुआ, आज दिल्ली का औसत AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम सहित सभी जगहों पर प्रदूषण में लगातार इजाफा हो रहा है। आज रावण दहन के बाद हवा और जहरीली हो सकती है।
आज सुबह राजधानी दिल्ली का औसत AQI 303 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है, वहीं दिल्ली सहित कई अन्य इलाकों में भी AQI 300 पार दर्ज किया गया। SAFAR द्वारा सुबह 7 बजे जारी किए गए आकड़ों के अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय में AQI 335, नोएडा में 308, एयरपोर्ट (T3) में 313 और IIT दिल्ली में 306 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
दशहरा के बाद और बिगड़ेंगे हालात
राजधानी दिल्ली में 1 जनवरी 2024 तक पटाखे जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, बावजूद इसके दिल्ली में लगातार आतिशबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं। आज दशहरा और फिर दिवाली में राजधानी दिल्ली में पटाखे जलाएं जाएंगे, जिससे स्थिति और खराब हो सकती है। दिल्ली में आने वाले दिनों में प्रदूषण और बढ़ेगा।
कल इसमें गिरावट दर्ज़ की गई- गोपाल राय
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, “परसों AQI का स्तर 300 के पार हो गया था लेकिन कल इसमें गिरावट दर्ज़ की गई है। जैसे-जैसे मौसम में परिवर्तन हो रहा है, ठंड के बढ़ने के साथ प्रदूषण में बढ़ोतरी होगी। दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध लगाया गया है लेकिन प्रशासन से ज्यादा दिल्ली के लोगों को ध्यान देने की जरूरत है। 91 जगह ऐसी हैं जहां ट्रैफिक जाम की स्थिति होती है, ऐसी जगहों पर पुलिस बल की संख्या बढ़ाई है। 15 सूत्रीय विंटर एक्शन प्लान पर काम किया जा रहा है।”