Mizoram Election 2023: पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में विधानसभा चुनाव के परिणाम आज आएंगे। राज्य में सुबह से 8 बजे से वोटों की काउटिंग शुरु हो गई है। हालांकि कई एग्जिट पोल के अनुसार, मिजो नेशनल फ्रंट(MNF) की जीत के अधिक मौके हैं। लेकिन राज्य में MNF, ZPM और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
मिजोरम में 40 सीटों पर काउंटिंग
मिजोरम में विधानसभा चुनाव की 40 सीटों पर गिनती शुरु होगी। काउंटिंग के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस चुनाव में कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
चुनाव आयोग ने बताया है कि “12 विधानसभा क्षेत्रों वाले आइजोल जिले में तीन मतगणना केंद्र जबकि 10 अन्य जिलों में एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ सीट पर जहां मतदाताओं की संख्या कम है, केवल दो दौर की गिनती होगी, लेकिन अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में पांच दौर की गिनती होगी। मतगणना प्रक्रिया में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर ईवीएम के लिए 399 टेबल और डाक मतपत्रों की गिनती के लिए 56 टेबल होंगी।
किस पार्टी के कितने उम्मीदवार?
दरअसल, MNF, ZPM और कांग्रेस ने 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ा। जबकि बीजेपी ने 13 सीटों पर उम्मीदवार मैदान पर उतारे हैं। मिजोरम में पहली बार आम आदमी पार्टी ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा 17 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।
क्या हैं 2018 के आंकड़े?
साल 2018 के मिजोरम विधानसभा चुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट ने चुनाव जीता था। तो वहीं एमएनएफ को 26 सीटें मिली थी। जबकि कांग्रेस को 5 और जेडपीएम को 8 सीटें मिली थी।
ZPM को खुद पर भरोसा
रविवार को जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के मुख्यमंत्री पद के चेहरे और सेरछिप निर्वाचन क्षेत्र के पार्टी उम्मीदवार लालडुहोमा (Lalduhoma) ने राज्य में सरकार बनाने पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि “गुरुवार को जारी एग्जिट पोल के पूर्वानुमान साइंटिफिक मेथोलॉजी पर आधारित थे और सबसे विश्वसनीय थे। उन्होंने कहा, सभी एग्जिट पोल के नतीजे हमारी जीत की ओर इशारा करते हैं। किसी अन्य राजनीतिक दल की जरूरत नहीं है।”