नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी में इस्तीफों का दौर जारी है। राहुल गांधी खुद भी पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। अब इस क्रम में मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
इस्तीफा देने के साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाने का सुझाव दिया है। ये समिति चुनाव के मद्देनजर राज्य कांग्रेस का नेतृत्व करेगी। दिल्ली में 26 जून को राहुल गांधी से मुलाकात के बाद मिलिंद देवड़ा ने पद छोड़ने का आग्रह किया था।
सूत्रों की मानें तो मिलिंद देवड़ा को पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं, बात करें महाराष्ट्र की तो वहां अभी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी)-शिवसेना गठबंधन और वंचित आघाडी कांग्रेस पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।