जनतंत्र डेस्क, बीकानेर: किन्नरों को अक्सर शादी ब्याह और अन्य शुभ मौकों पर नेग मांगते हुए देखा जाता है। बदले में किन्नर ढ़ेर सारी दुआएं देते हैं। लेकिन इस बार किन्नरों को लेकर खबर ये नहीं है। बल्कि खबर है कि उन्होंने दो ऐसी लड़कियों की शादी करवाई जिनके सिर से पिता का साया उठ गया और वे गरीब परिवार से हैं।
MP: किन्नर समाज की नेक पहल: बच्चों को पौष्टिक खाना देने के लिए आंगनवाड़ी केंद्र को लिया गोद
बात राजस्थान के बीकानेर की हो रही है। जहां किन्नर समुदाय ने दो लड़कियों की धूमधाम से शादी करवाई। किन्नरों ने दोनों की शादी का पूरा खर्च उठाते हुए 1500 बारातियों के खाने की व्यवस्था की। दोनों लड़कियों के पिता की मौत साल 2017 में हो गई थी।

दरअसल, जिन दो लड़कियों की शादी किन्नरों ने करवाई है उनका नाम बसंती और ममता है। साल 2017 में इनके पिता रामलाल की मौत हो गई थी। परिवार में कुल 9 सदस्य हैं जिनमें 7 लड़कियां, उनका भाई और मां शामिल है। पिता की मौत के बाद घर का सारा भार मां के कंधों पर आ गया।
किन्नर समुदाय ने निभाया वादा
2017 की ही बात है कि किन्नर रजनी की अगुवाई में किन्नरों का एक समूह कुम्हार समाज की बस्ती में एक बच्चे के जन्मदिन पर बधाई देने पहुंचा था। लेकिन, जब ये मंडली वहां पहुंची तो खुशी की जगह मातम पसरा था। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था वजह थी बच्चों के पिता की मौत हो गई थी। ऐसे दुखद समय में किन्नर रजनी ने वादा किया कि सात बेटियों में से दो की शादी का पूरा जिम्मा वो उठाएंगी।
अब किन्नर समुदाय की बदौलत दोनों की शादी काफी धूमधाम से हुई। हालांकि किन्नर मंडली का नेतृत्व कर रही रजनी की मृत्यू पहले ही हो गई थी लेकिन उनका किया वादा किन्नर मंडली ने पूरा किया। इसके बाद 21 अप्रैल को बसंती और ममता की शादी धूमधाम से किन्नर समुदाय ने करवाई। शादी में किन्नरों ने सभी मेहमानों का अच्छे से स्वागत सत्कार किया। किन्नरों की इस दरियादली की हर कहीं तारीफ हो रही है।