जनतंत्र डेस्क, जयपुर: महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ राजस्थान में कांग्रेस की महारैली होने वाली है। रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जयपुर पहुंच गए हैं। जबकि प्रियंका गांधी बाय रोड दिल्ली से जयपुर पहुंची। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के जयपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
कांग्रेस की यह महारैली जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में होगी, जहां तीन मंच बनाए गए हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मुख्य मंच पर मौजूद रहेंगे। उनके साथ कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, सभी सीडब्ल्यूसी सदस्य, सीएलपी लीडर्स, पूर्व मुख्यमंत्री भी मुख्य मंच पर मौजूद रहेंगे।
मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू- सचिन पायलट
कांग्रेस की महारैली को लेकर पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि जयपुर की इस रैली से मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। हम इस सरकार को मजबूर करेंगे कि या तो वह मंहगाई कम करे, नहीं तो जनता सरकार को हटा देगी। ऐसा हम एकजुटता के साथ ही कर पाएंगे।
एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी बोला हमला
रैली में शामिल होने आए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महंगाई तो देश में बढ़ी ही है। इसके साथ-साथ देश की संस्कृति पर भी हमला हो रहा है। हमें यह पहचानना पड़ेगा कि हमें देश की संस्कृति पर चलना है या मोदी की संस्कृति पर?
कांग्रेस की रैली के सियासी मायने
महंगाई के खिलाफ जयपुर में हो रही कांग्रेस की रैली के राष्ट्रीय स्तर पर भी सियासी मायने हैं। इस रैली के जरिए राहुल गांधी को केंद्र के खिलाफ लड़ाई में चेहरा बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। महंगाई को कांग्रेस 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में मुद्दा बनाएगी। प्रियंका गांधी सीधे रैली में ही पहुंची।
गहलोत ने अगले ट्वीट में लिखा है, ”इस महारैली से देश भर में एक संदेश जाएगा कि अब केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों का व्यापक रूप से विरोध का वक्त आ गया है। पूरे देश में इस रैली से उठी जनजागरण की लौ, एक मशाल बनकर एनडीए सरकार के पतन का मार्ग प्रशस्त करेगी।”