नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में जमीनी विवाद को लेक खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। ये खूनी संघर्ष 90 बीघा जमीन को लेकर हुई। इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। वहीं अखिलेश यादव भी योगी सरकार पर हमला बोल चुके हैं।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि बीजेपी-राज में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि दिन-दहाड़े हत्याओं का दौर जारी है। सोनभद्र के उम्भा गांव में भू माफियाओं द्वारा 3 महिलाओं सहित 9 गोंड आदिवासियों की सरेआम हत्या ने दिल दहला दिया। प्रशासन-प्रदेश मुखिया-मंत्री सब सो रहे हैं। क्या ऐसे बनेगा अपराध मुक्त प्रदेश?
वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा, बीजेपी सरकार अपराधियों के सामने नतमस्तक है। सोनभद्र में भू-माफियाओं द्वारा जमीन विवाद में 9 लोगों की हत्या दहशत और दमन का प्रतीक है। यूपी सरकार सभी मृतकों के परजिनों को 20-20 लाख रुपए मुआवजा दे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल ग्राम प्रधान ने 2 साल पहले 90 बीघा जमीन खरीदी, जिस पर कब्ज़ा ज़माने के लिए वो अपने समर्थकों के साथ पहुंची। ग्रामीणों ने जब प्रधान द्वारा जमीन पर कब्ज़ा किये जाने का विरोध किया, तो प्रधान ने फायरिंग करवा दी, जिसमें तीन महिला सहित 9 लोगों की मौत हो गई।