नई दिल्लीः Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सरकार के खिलाफ हुंकार भरी है। प्रियंका गांधी ने वाराणसी में किसान न्याय रैली को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार और यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। रैली को संबोधित करते हुए प्रिंयका गांधी ने लोगों से पूछा कि बीजेपी सरकार आने के बाद क्या आपकी जिंदगी में बदलाव आया है? क्या विकास का रथ आपके द्वार पहुंचा है ? प्रियंका गांधी ने कहा कि लोग अपने आप से पूछें कि बीजेपी सरकार आने के बाद उनका कितना विकास हुआ ?
‘हमारे साथ आइए बदलाव जरूरी’
वाराणसी में प्रियंका गांधी ने सरकार पर जमकर हमले बोले। लोगों से सवाल पूछने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि लोग खुद से पूछें बीजेपी में उनका विकास हुआ या नहीं। अगर जवाब ना में है तो हमारे साथ आइए, बदलाव जरूरी है। उन्होंने मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि अब देश में दो ही लोग सुरक्षित हैं। एक जो बीजेपी के साथ हैं और दूसरे मोदी जी के खरबपति दोस्त।
Priyanka Gandhi: महंगाई पर सरकार को घेरा
मोदी के संसदीय क्षेत्र में प्रियंका गांधी ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल 100 के पार चला गया। एलपीजी एक हजार के पार और बिजली का दाम तीन बार बढ़ा दिया। जिनके घर में बिजली नहीं उनके घर में भी बिजली का बिल आता है। ऐसे दिनों की किसी ने कल्पना नहीं की थी। केवल बड़े-बड़े पोस्टरों में दिखावा होता है।
मुआवजा नहीं, न्याय चाहिए- प्रियंका गांधी
लखीमपुर हिंसा पर सरकार को घेरते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि ” केंद्रीय मंत्री की गाड़ी से किसानों को कुचला गया, मृतकों के परिवारों को सरकार ने मुआवजा दे दिया। लेकिन इन परिवारों को मुआवजा नहीं, न्याय चाहिए।” प्रियंका ने कहा कि इस सरकार में मृतकों को न्याय मिलता नहीं दिख रहा।
यह भी पढ़ें- Indian Railway: खुशखबरी, फेस्टिव सीजन में आरामदायक होगा सफर, रेलवे ने शुरू की स्पेशल ट्रेनें
किसान आंदोलन का जिक्र
प्रियंका गांधी ने कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी जी के अरबपति मित्रों ने पिछले साल हिमाचल से सेब 88 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से खरीदे थे। लेकिन इस बार जब लागत महंगी है तो वही सेब 77 रुपये प्रति किलो खरीद रहे हैं। वो अपने मन से सेब के दाम तय कर रहे हैं। इससे किसानों का भला हुआ क्या?
रैली से पहले किए मां कुष्मांडा के दर्शन
किसान न्याय रैली को संबोधित करने से पहले प्रियंका गांधी ने काशी विश्वनाथ मंदिर और मां कूष्मांडा के दरबार में हाजिरी लगाई। वहीं, प्रियंका गांधी ने रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में किसान न्याय रैली को संबोधित करने से पहले भी मां दुर्गा के मंत्रों का उच्चारण किया।