उत्तर प्रदेश में अब सरकारी सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस केवल वीआईपी लोगों की जागीर नहीं रहेंगे। योगी सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए प्रदेश के सभी सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस के दरवाजे आम जनता के लिए खोल दिए हैं। अब कोई भी सामान्य नागरिक सरकारी मेहमान नवाजी का लुत्फ उठा सकेगा।
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल बना दिया है। प्रदेश भर के 21 सर्किट हाउस और 334 गेस्ट हाउस के कमरों को अब ऑनलाइन बुक किया जा सकता है। सरकार का मुख्य उद्देश्य सिफारिशी संस्कृति और भ्रष्टाचार को खत्म कर आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना है।
अब कमरा बुक करने के लिए किसी बड़े अधिकारी या नेता की सिफारिश की जरूरत नहीं होगी। बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। पोर्टल पर रियल टाइम रूम उपलब्धता देखी जा सकेगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी। बुकिंग, कैंसिलेशन और राजस्व की निगरानी एक केंद्रीय डैशबोर्ड से की जाएगी। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से मैनुअल व्यवस्था में होने वाली गड़बड़ियों पर लगाम लगेगी और आम जनता को यात्रा के दौरान सुरक्षित और किफायती आवास मिल सकेगा।”
अगर आप भी सर्किट हाउस में रुकना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- बुकिंग के लिए Circuit House Information System (CHIS) पोर्टल पर जाना होगा।
- पोर्टल पर अपना विवरण भरकर रजिस्ट्रेशन करें।
- अपनी पसंद का गेस्ट हाउस और कमरा चुनें और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा का लाभ उठाएं।
यह सुविधा तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। अब आप बिना किसी झंझट के प्रदेश के किसी भी जिले में सरकारी गेस्ट हाउस की बुकिंग कर सकते हैं।
















