फाल्टा के ‘पुष्पा’ की पत्नी गिरफ्तार! पुलिस पर पथराव के बाद थी फरार

पश्चिम बंगाल में जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है. अब पुलिस ने उनकी पत्नी रेजिना बीबी उर्फ सरिना को भी गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई दक्षिण 24 परगना में की गई. पुलिस का आरोप है कि उन्होंने अपने पति की गिरफ्तारी के विरोध में फाल्ता इलाके में कई प्रदर्शन आयोजित किए थे, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया था. इसी मामले में उनके खिलाफ पहले से केस दर्ज था.

दरअसल, कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने TMC नेता जहांगीर खान को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद उन्हें रस्सी बांधकर इलाके में ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. इस घटना के बाद उनके समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली. विरोध में कई जगह सड़क जाम किए गए और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान थाने के घेराव और बड़े स्तर पर प्रदर्शन की तैयारी की गई थी.

पुलिस के मुताबिक, फाल्टा में बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा किया गया था. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सेंट्रल आर्म्स पुलिस फोर्स और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया. इसके बाद रेजिना बीबी सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आईं और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था. जांच के दौरान उनकी लोकेशन ट्रेस हुई, जिसके बाद दक्षिण 24 परगना से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया जारी है.

फाल्टा इलाके में जहांगीर खान का अच्छा-खासा दबदबा माना जाता रहा है. चुनाव प्रचार के दौरान वह खुद को पुष्पा: दी राइज फिल्म के किरदार पुष्पा की तरह पेश करते थे. वह अक्सर फिल्म का चर्चित डायलॉग पुष्पा झुकेगा नहीं बोलते नजर आते थे और खुद को इलाके का मजबूत नेता बताते थे. जहांगीर खान ने साल 2026 का विधानसभा चुनाव TMC के टिकट पर फाल्टा सीट से लड़ा था. चुनाव के दौरान उन पर वोटरों को डराने, ईवीएम में गड़बड़ी करने और हिंसा फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगे. चुनाव में शिकायतों के बाद 21 मई को दोबारा वोटिंग कराई गई, लेकिन री-पोल से 48 घंटे पहले ही उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया.

24 मई को आए नतीजों में जहांगीर खान को हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद वह फरार हो गए थे. फाल्टा थाने में उनके खिलाफ जबरन वसूली समेत कई एफआईआर दर्ज हैं. गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से राहत नहीं मिली. पुलिस के अनुसार, वह नेपाल भागने की तैयारी में थे, लेकिन 8 जून को पश्चिम बंगाल पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स ने नेपाल बॉर्डर के पास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया. अब रेजिना बीबी की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

Scroll to Top