Delhi Vidhansabha Election 2025 : दिल्ली चुनाव में युमना जहर पॉलिटिक्स काफी हाई हो गई है। यमुना में जहर के आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी युद्ध देखने को मिल रहा है। इस आरोप के बाद चुनाव आयोग ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से गुरूवार, 30 जनवरी को जवाब मांगा था। हालांकि अरविंद केजरीवाल के जवाब से चुनाव आयोग असंतुष्ट नजर आया।
चुनाव आयोग जाएंगे केजरीवाल
जिसके बाद चुनाव आयोग ने फिर अरविंद केजरीवाल से पांच सवालों के दोबारा जवाब देने के निर्देश दिए हैं। अब ऐसे में केजरीवाल खुद दिल्ली की सीएम आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ चुनाव आयोग जाएंगे। दरअसल चुनाव आयोग के सचिव बीसी पात्रा ने आप संयोजक को पत्र लिखा था। उन्होंने पत्र में लिखा कि “यमुना नदी में जहर डालने का आरोप विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य और दुश्मनी को बढ़ावा देने जैसा है।” आगे पत्र में यह भी लिखा गया है कि “पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते आपको इस तरह के आरोप के बाद भयानक परिणामों की याद दिलाने की आवश्यकता नहीं है। जो इस तरह के कथनों से हो सकते हैं।”
चुनाव आयोग ने मांगे पांच सवालों के जवाब
- यमुना नदी में किस प्रकार का जहर मिलाया गया
- जहर की मात्रा कितनी है?
- जहर पता लगाने के तरीके के बारे में सहायक साक्ष्य क्या है?
- वह कौन-सा स्थान है जहां जहर पाया गया ?
- दिल्ली में जहरीले पानी के प्रवेश से रोकने के लिए क्या किया ?
दिल्ली में जहर पॉलिटिक्स
गौरतलब हो कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव प्रचार के दौरान हरियाणा की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया था कि यमुना नदी में जहर मिलाया गया है। उनके इस आरोप के बाद दिल्ली की सियासत में भूचाल आ गया है। चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर स्पष्टीकारण मांगा है। हालांकि उनके जवाब से आयोग संतुष्ट नहीं हुआ था। जिसके बाद उन्हें दोबारा नोटिस भेजा गया।