प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में अवैध कोयला खनन और उसके परिवहन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़े पैमाने पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को दुर्गापुर जिले के विभिन्न इलाकों में ईडी की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
ईडी की टीमें सुबह से ही दुर्गापुर के सेपको टाउनशिप में रहने वाले कारोबारी प्रबीर दत्ता, अंबुजा इलाके के पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल, पांडेश्वर के शेख मयजुल, कॉकसा के हसन शेख समेत किरण खान, शेख अख्तर, मिर्जा एच बेग और अन्य लोगों के ठिकानों पर छापे मार रही हैं। अभियान अभी भी जारी है और कई अन्य स्थानों पर भी सर्च चलने की जानकारी मिल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी अधिकारी संबंधित परिसरों में प्रवेश कर विभिन्न दस्तावेजों, रिकॉर्ड्स और अन्य सामग्री की जांच कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर घरों के बाहर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। ईडी अधिकारियों ने बताया कि राज्य पुलिस के अधिकारी मनोरंजन मंडल से जुड़े स्थानों सहित कुल लगभग 10 परिसरों पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तलाशी ली जा रही है।
यह मामला ईडी द्वारा जांचाधीन एक अन्य कथित कोयला घोटाले से अलग है, जिसमें पिछले महीने कोलकाता में राजनीतिक परामर्श कंपनी ‘आई-पैक’ के परिसर पर छापेमारी की गई थी। यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, तस्करी और इससे जुड़े काले धन के लेन-देन को लेकर चल रही जांच का हिस्सा है।










































