अगर आप आने वाले दिनों में हवाई यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बजट को प्रभावित कर सकती है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट पर सफर करना अब महंगा होने जा रहा है। दिग्गज एयरलाइन कंपनी Air India और Air India Express ने विमान ईंधन (एविएशन टर्बाइन फ्यूल – ATF) की बढ़ती कीमतों के चलते नया फ्यूल सरचार्ज लागू करने का फैसला किया है।
एयरलाइन के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में बढ़ते Geopolitical तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे जेट फ्यूल महंगा हो गया है। ऑपरेशनल कॉस्ट को बैलेंस करने के लिए कंपनी ने यह अतिरिक्त बोझ यात्रियों पर डालने का निर्णय लिया है।
नए नियमों के अनुसार, 12 मार्च से बुक होने वाले टिकटों पर बदलाव दिखेंगे। जैसे भारत के भीतर यात्रा करने पर हर टिकट पर 399 रुपये का फिक्स्ड फ्यूल सरचार्ज देना होगा। सार्क देशों (जैसे नेपाल, भूटान, श्रीलंका आदि) के लिए भी यही 399 रुपये वाला सरचार्ज लागू रहेगा। यह चार्ज बेस फेयर और टैक्स के अतिरिक्त होगा। सिंगापुर के लिए पहले कोई सरचार्ज नहीं लिया जाता था, लेकिन अब यात्रियों को यहां के लिए भी अतिरिक्त भुगतान करना होगा।
अंतरराष्ट्रीय सफर करने वालों पर इसका असर और भी ज्यादा पड़ेगा। अलग-अलग रूट्स के लिए शुल्क इस प्रकार तय किए गए हैं:
| रूट (Route) | अतिरिक्त सरचार्ज (Per Ticket) |
| वेस्ट एशिया (West Asia) | 10 डॉलर |
| साउथ ईस्ट एशिया (SE Asia) | 60 डॉलर |
| अफ्रीका (Africa) | 90 डॉलर |
| सिंगापुर (Singapore) | अब अनिवार्य सरचार्ज लागू |
एयरलाइन का कहना है कि लागत में भारी बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था। जानकारों का मानना है कि एयर इंडिया के इस कदम के बाद अन्य निजी एयरलाइंस भी अपने किराए में बढ़ोतरी कर सकती हैं। ऐसे में सलाह दी जाती है कि यात्रा की प्लानिंग कर रहे लोग कीमतों में और इजाफे से पहले ही अपनी बुकिंग कंफर्म कर लें।
















