दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राजधानी के मेट्रो स्टेशनों पर भारत विरोधी पोस्टर लगाने वाले मॉड्यूल के मुख्य हैंडलर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आतंकी की पहचान शब्बीर अहमद लोन के रूप में हुई है, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है।
सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। शब्बीर अहमद लोन न केवल मेट्रो पोस्टर केस के आरोपियों के सीधे संपर्क में था, बल्कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के निर्देशों पर भारत में लश्कर-ए-तैयबा का एक नया और घातक मॉड्यूल तैयार करने की फिराक में था।
खुफिया सूचना मिली थी कि शब्बीर दिल्ली में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने या नेटवर्क विस्तार के लिए दाखिल होने वाला है। इसी आधार पर स्पेशल सेल ने दिल्ली बॉर्डर पर घेराबंदी की और उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया। फिलहाल उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ जारी है ताकि नेटवर्क के अन्य स्लीपर सेल्स का पता लगाया जा सके।
राजधानी दिल्ली से लेकर कोलकाता तक इस मॉड्यूल ने दहशत और वैमनस्य फैलाने की कोशिश की थी। दरअसल 8 फरवरी को जनपथ मेट्रो स्टेशन पर पाकिस्तान और आतंकवाद समर्थक पोस्टर चिपकाने की लिखित शिकायत दर्ज हुई थी।
आरोपियों ने दिल्ली के कई व्यस्त मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए थे। इन पोस्टरों में हिज्बुल आतंकी बुरहान वानी का महिमामंडन किया गया था और पाकिस्तान समर्थक नारे लिखे गए थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मॉड्यूल को फंडिंग कहाँ से मिल रही थी और क्या 26 जनवरी या अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान किसी बड़े हमले की भी योजना थी।















