भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आज एक नए युग की शुरुआत हुई। बिहार के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नितिन नबीन को औपचारिक रूप से पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया है। 45 वर्षीय नबीन भाजपा के इतिहास के अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष हैं। उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया है, जिनका कार्यकाल समाप्त हो गया था।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में संगठनात्मक चुनावों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने नितिन नबीन के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। उन्होंने नबीन को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। नबीन के पक्ष में नामांकन के 37 सेट दाखिल किए गए थे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज नेता प्रस्तावक थे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए अध्यक्ष को बधाई देते हुए संगठन के महत्व पर एक प्रेरक भाषण दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया को लगता होगा कि मैं 25 साल से सरकार का मुखिया हूँ, लेकिन मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी यह है कि मैं भाजपा का एक निष्ठावान कार्यकर्ता हूँ। जब पार्टी के विषयों की बात आती है, तो मैं केवल एक कार्यकर्ता हूँ और नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं।
निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पदभार सौंपते हुए इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा, यह गौरव का विषय है कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की कमान अब एक नौजवान, ऊर्जावान और प्रतिभावान नेतृत्व के हाथ में है। नबीन जी ने जमीनी स्तर से उठकर 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में यह जिम्मेदारी संभाली है।
समारोह के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और नितिन गडकरी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने नितिन नबीन का स्वागत किया। पार्टी सूत्रों का मानना है कि नबीन की नियुक्ति से संगठन में एक बड़ा पीढ़ीगत बदलाव देखने को मिलेगा।



































