उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत केसरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें 20 वर्षीय युवक विनोद चंद्र वंशी की क्रूर हत्या कर दी गई। यह मामला शुरू में सांप्रदायिक रंजिश और “सलाम न करने” की बात से जुड़ा बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच और उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह घटना शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद से जुड़ी हुई प्रतीत होती है।
बताया जा रहा है कि केसरपुर गांव के निवासी विनोद को गांव के ही तीन युवकों—राशिद , जीशान और शमीम ने पड़ोसी गुरगांवा गांव में एक शराब के ठेके पर ले गए। वहां चारों ने मिलकर शराब का सेवन शुरू किया। शराब पीते समय किसी बात को लेकर विनोद और राशिद के बीच तीखी बहस हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि तीनों आरोपियों ने पहले विनोद की जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान राशिद ने शराब की बोतल से विनोद के सिर पर प्रहार किया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर की एक हड्डी टूटने और गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद आरोपियों ने घायल विनोद को शराब ठेके की छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया। मौके पर ही विनोद की मौत हो गई।
मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी और छापेमारी के आरोपियों ने पुलिस टीम को देखते ही सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी राशिद के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो खोखे कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। जीशान और शमीम मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल आरोपी राशिद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक विनोद के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। शुरुआती सोशल मीडिया पोस्ट्स और कुछ रिपोर्टों में “सलाम न करने” या सांप्रदायिक रंजिश का जिक्र था, लेकिन जांच में पता चला कि शराब पार्टी के दौरान हुए व्यक्तिगत विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द कानून के कठघरे में लाया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।









































