बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कद्दावर नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टी के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आज सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। भारी पुलिस बल और दर्जनों अधिकारियों की टीम विधायक के लखनऊ स्थित आवास और दफ्तर पर छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम सुबह करीब 7:00 बजे गोमतीनगर स्थित विधायक के आवास पर पहुंची। देखते ही देखते पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। सूत्रों के मुताबिक 36 से ज्यादा अधिकारी और भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात है। घर के अंदर और बाहर की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है। आने-जाने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
यह छापेमारी ऐसे समय में हो रही है जब विधायक उमाशंकर सिंह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनके अब तक दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं और वे वर्तमान में अपने लखनऊ आवास पर आइसोलेशन में हैं। छापेमारी के दौरान सुरक्षा इतनी सख्त है कि विधायक की देखभाल के लिए आने वाले डॉक्टर और नर्सों को भी अंदर जाने से रोका गया है, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल है। आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार टीम पिछले कुछ समय के बड़े वित्तीय ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। घर में मौजूद महत्वपूर्ण फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और संपत्ति से जुड़े कागजात खंगाले जा रहे हैं। आय से अधिक संपत्ति और निवेश के स्रोतों को लेकर पूछताछ की संभावना है।
बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह बसपा का एक मजबूत चेहरा माने जाते हैं। जब बसपा के अन्य दिग्गज साथ छोड़ रहे थे, तब भी वे मजबूती से डटे रहे। पिछले साल खुद बसपा सुप्रीमो मायावती ने उनके घर जाकर उनकी सेहत का हाल लिया था, जिससे पार्टी में उनके बढ़ते कद का अंदाजा लगाया जा सकता है। विधायक के आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह कार्रवाई कितने समय तक चलेगी।


















