नेपाल की राजनीति में इस वक्त गिटार की स्ट्रिंग्स और चुनावी नारों की जुगलबंदी देखने को मिल रही है। नेपाल के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बनने जा रहे 35 वर्षीय बालेन्द्र शाह ‘बालेन’ ने शपथ ग्रहण से ठीक पहले एक ऐसा दांव खेला, जिसने यूट्यूब से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी है। बालेन ने अपना नया म्यूजिक वीडियो ‘जय महाकाली’ रिलीज किया है, जिसे उनकी पार्टी, राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (RSP), महज एक गाना नहीं बल्कि ‘म्यूजिकल मैनिफेस्टो’ करार दे रही है।
बालेन शाह ने गुरुवार को संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद और शुक्रवार को पीएम पद की शपथ लेने से पहले यह धमाका किया। इस वीडियो की लोकप्रियता का आलम यह है कि रिलीज के शुरुआती 2 घंटों में ही इसे 1.5 लाख व्यूज मिल गए। खबर लिखे जाने तक गाना 25 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
गाने में बालेन के चुनाव अभियान के दमदार विजुअल्स हैं, जो देशभक्ति और ‘नया नेपाल’ बनाने के विजन को दर्शाते हैं। यह गाना असल में एक दशक पुराना है, लेकिन शपथ ग्रहण के मौके पर इसमें नए चुनावी विजुअल्स जोड़कर इसे दोबारा ‘रिलॉन्च’ किया गया है।
बालेन शाह की जीत सिर्फ एक रैपर की जीत नहीं है, बल्कि इसके साथ कई बड़े रिकॉर्ड भी जुड़े हैं। 35 साल की उम्र में देश की कमान संभालकर उन्होंने युवाओं में नया जोश भर दिया है। बालेन शाह नेपाल के पीएम पद पर पहुंचने वाले मधेश क्षेत्र के पहले व्यक्ति बन गए हैं। 5 मार्च को हुए चुनावों में उनकी पार्टी ने क्लीन स्वीप कर पुराने दिग्गजों को सत्ता से बाहर कर दिया है।
पीटीआई (PTI) के सूत्रों की मानें तो बालेन शाह अभी यहीं रुकने वाले नहीं हैं। पीएम की कुर्सी संभालने के साथ-साथ उनके दो और नए गाने जल्द ही रिलीज होने वाले हैं। ऐसा लगता है कि बालेन शाह अपनी सरकार फाइलों से ज्यादा ‘बीट्स’ और ‘राइम्स’ के जरिए जनता के बीच ले जाना चाहते हैं। नेपाल की जनता अब यह देखने को उत्सुक है कि बालेन का शासन उनके रैप की तरह ही ‘हिट’ होगा या राजनीति की पिच पर उन्हें नई धुन सीखनी होगी।















