पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने 291 योद्धाओं की सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक दूरदर्शिता का परिचय देते हुए न केवल उम्मीदवारों का ऐलान किया, बल्कि चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलकर चुनावी बिगुल फूंक दिया है।
पिछले चुनाव के कड़वे अनुभव को पीछे छोड़ते हुए ममता बनर्जी ने इस बार अपनी पारंपरिक और सुरक्षित सीट भवानीपुर से लड़ने का फैसला किया है। 2021 में नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी से मिली हार के बाद, दीदी ने इस बार रिस्क न लेते हुए ‘घर वापसी’ की है।
TMC ने नंदीग्राम में सबसे बड़ा उलटफेर किया है। आज ही पार्टी में शामिल हुए पवित्रा कार्केई को टिकट देकर ममता ने शुभेंदु अधिकारी के गढ़ में उन्हीं के ‘दाहिने हाथ’ को मैदान में उतार दिया है। ये वही शख्स हैं जिन्होंने 2021 में शुभेंदु की जीत सुनिश्चित की थी। बीजेपी के ही पुराने सिपहसालार को सामने खड़ा कर TMC ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
अभिषेक बनर्जी ने साफ कर दिया कि पार्टी इस बार हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है। उम्मीदवारों की सूची का गणित कुछ ऐसा है:
महिलाएं: 52
SC/ST: 95
अल्पसंख्यक: 47
TMC ने अपने भरोसेमंद चेहरों को फिर से मैदान में उतारा है:
-
दम दम उत्तर: चंद्रिमा भट्टाचार्य
-
कोलकाता पोर्ट: फिरहाद हकीम
-
हाबरा: ज्योतिप्रियो मल्लिक
-
बेलेघाटा: कुणाल घोष
सूची जारी करते समय ममता बनर्जी का तेवर काफी हमलावर रहा। उन्होंने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग बीजेपी के लिए ‘अच्छा खेल’ खेल रहा है। उन्हें तो सीधे बीजेपी के लिए प्रचार करना चाहिए। ममता ने आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि इस बार TMC 226 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत से वापसी करेगी।
दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कर्सियोंग की 3 सीटें अनित थापा की BGPM के लिए छोड़कर ममता ने पहाड़ में भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की है।















