हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नीमका जिला जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आतंकी साजिश के आरोप में बंद एक कैदी की जेल के अंदर ही हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या उसके ही साथी बंदी ने नुकीले हथियार से हमला कर की। इस घटना के बाद जेल प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना देर रात करीब 2 बजे (रविवार रात) की बताई जा रही है, जब साथी कैदी ने अब्दुल रहमान पर नुकीली वस्तु से हमला किया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में सह-कैदी पर हत्या का आरोप लगाया गया है और उससे पूछताछ जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर कैदी ने उसके सिर को निशाना बनाकर वार किया था, जिससे जेल के अंदर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, अब्दुल रहमान पर अयोध्या के राम मंदिर को निशाना बनाने की साजिश में शामिल होने का आरोप था। उसे 2025 में संयुक्त ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। एजेंसियों को उसके मोबाइल और डिजिटल डेटा से धार्मिक स्थलों और लोकेशन से जुड़ी जानकारी मिलने का दावा भी किया गया था, जिसे संभावित आतंकी साजिश से जोड़ा गया था।
सुरक्षा एजेंसियों की जांच में यह भी सामने आया था कि वह कथित तौर पर आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और बड़े हमले की योजना बना रहा था। उसके खिलाफ UAPA समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जांच रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि उसे फरीदाबाद के पास पकड़ा गया था और उसके पास विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया था।
जेल के अंदर हाई-प्रोफाइल आरोपी की हत्या होने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं नुकीला हथियार जेल के अंदर कैसे पहुंचा? दोनों कैदी एक ही बैरक में क्यों थे? क्या यह हमला आतंकी नेटवर्क या किसी पुरानी दुश्मनी से जुड़ा था? फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावर से पूछताछ जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हत्या का कारण व्यक्तिगत विवाद था या आतंकी नेटवर्क से जुड़ा कोई बड़ा एंगल। इस घटना ने हाई-सिक्योरिटी कैदियों की सुरक्षा और जेल प्रबंधन व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

























